13 फरवरी 2022 के समाचार - 13 pharavaree 2022 ke samaachaar


13 फरवरी 2022 आज की ताजा खबर

'भारत की जो कूटनीतिक चुनौतियां है वो सबसे पहले तो पड़ोस के देशों को लेकर हैं कि कैसे उनको हम अधिक से अधिक करीब रखें। और उसके बाद सबसे ज्यादा रूस और चीन को लेकर हैं।'

क्वाड को लेकर भारत की भूमिका के सवाल पर यह कहना है चंद्रभूषण का, जो वरिष्ठ पत्रकार हैं। पूरी बात सुनते हैं कुछ देर में, उससे पहले एक नज़र इस वक्त की बड़ी ख़बरों पर:

उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान कल
उत्तर प्रदेश में 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान होगा। इसमें नौ जिलों की 55 सीटों पर कुल 586 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण में अमरोहा, बरेली, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, सहारनपुर, बिजनौर, संभल, रामपुर और बदायूं जिलों की सीटों पर मतदान होगा।

हिजाब को लेकर जुबानी तकरार तेज
हिजाब मामले को लेकर जुबानी तकरार तेज हुई। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा- एक दिन हिजाब पहनने वाली महिला ही देश की प्रधानमंत्री बनेगी। वहीं, उडुपी से भाजपा विधायक ने हिजाब विवाद को पाकिस्तान की साजिश बताते हुए सरकार से जांच कराने की मांग की।

कोरोना के 45 हजार नए मरीज मिले

13 फरवरी 2022 के समाचार - 13 pharavaree 2022 ke samaachaar


कोरोना के नए मामलों में गिरावट जारी। पिछले 24 घंटों में करीब 45 हजार नए मरीज मिले, 684 लोगों की मौत। लगभग 1 लाख 17 हजार लोग रिकवर हुए। इस बीच उत्तर प्रदेश में नाइट कर्फ्यू में ढील। अब सूबे में रात 10 के बजाय 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

पाकिस्तान में मॉब लिचिंग
पाकिस्तान में कुरान का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या की। यह मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित खानेवाल जिले का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था, लेकिन लोगों ने उसे जबरदस्ती छुड़ाकर उसकी लिंचिंग कर दी।

विदेशी खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश

13 फरवरी 2022 के समाचार - 13 pharavaree 2022 ke samaachaar

आईपीएल ऑक्शन में खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश का सिलसिला जारी। पंजाब ने लियाम लिविंगस्टोन को साढ़े 11 करोड़ में खरीदा। जोफ्रा आर्चर 8 करोड़ में मुंबई इंडियंस के हुए। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने रोमारियो शैफर्ड को 7 करोड़ 75 लाख देकर अपने साथ जोड़ा।

कटनी में दर्दनाक हादसा

13 फरवरी 2022 के समाचार - 13 pharavaree 2022 ke samaachaar

मध्य प्रदेश के कटनी में दर्दनाक हादसा। नर्मदा घाटी परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा धंसने से 9 मजदूर दबे। इनमें से सात को बचा लिया गया है जबकि दो अब भी अंदर फंसे हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार की शाम मशीन ठीक करने के लिए हो रही खुदाई के दौरान हुई।

उडुपी में धारा 144 लागू
कर्नाटक में हिजाब विवाद के मद्देनजर उडुपी जिले में 14 फरवरी से 19 फरवरी तक धारा 144 लागू की गई। सोमवार को स्कूलों के खुलने से पहले इस कदम को एहतियात के तौर पर देखा जा रहा है। नए आदेश के मुताबिक, स्कूलों के 200 मीटर के दायरे के भीतर पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक रहेगी। प्रदर्शन तथा रैलियों व नारेबाजी पर सख्त पाबंदी।

अब ख़बरें काम की
1.देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट के बीच यूपी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन। सूबे में सोमवार यानी 14 फरवरी से सभी स्कूल खुलेंगे। इस दौरान छात्रों को कोरोना नियमों का पालन करना होगा। इसके अलावा रेस्टोरेंट, होटल, सिनेमा हाल भी पूरी क्षमता से खोलने का निर्णय लिया गया है। अभी स्वीमिंग पूल और वाटर पार्क रहेंगे बंद।

2. ईएसआईसी (ESIC)से जुड़े कर्मचारियों के लिए सरकार ने किया बड़ा ऐलान। केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया अब देश के 15 शहरों में ईएसआई अस्पतालों में फ्री हेल्थ चेकअप की सुविधा मिलेगी। पहले इस लिस्ट में पांच शहर ही शामिल थे। अब इसे बढ़ाकर 15 शहरों तक ले जाया गया है।

आज का सबसे बड़ा न्यूज पॉइंट है, रूस-चीन की कैसे घेराबंदी करेगा क्वाड? पूरी तस्वीर समझने के लिए बात करते हैं चंद्रभूषण से।


अब एक नज़र इतिहास में आज के दिन के बारे में
1856 में ईस्ट इंडिया कंपनी ने लखनऊ के साथ अवध पर भी कब्जा जमाया। 1911 में महान क्रांतिकारी और रूमानी शायर फैज अहमद फैज का जन्म। 1945 में सोवियत संघ ने जर्मनी के साथ 49 दिन के युद्ध के बाद हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट पर कब्जा किया। युद्ध में एक लाख 59 हजार लोग मारे गए। 1960 में फ्रांस ने सहारा के रेगिस्तान में पहला परमाणु बम परीक्षण किया।

बात करते हैं मौसम की
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक चलेंगी तेज हवाएं। यहां कई इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में पहाड़ों से आई बर्फीली हवा असर दिखेगा। तापमान में लगातार गिरावट के आसार।

अब बारी सुविचार की
रविंद्रनाथ टैगोर ने कहा था- जो मन की पीड़ा को स्पष्ट रूप में कह नहीं सकता, उसी को क्रोध अधिक आता है।

आवाज: अखिलेश प्रताप सिंह

13 फरवरी 2022 के समाचार - 13 pharavaree 2022 ke samaachaar

Aaj Ki Taza Khabar, 13 फरवरी की बड़ी खबरें  

Aaj Ki Taza Khabar: आईपीएल 2022 मेगा नीलामी का आज दूसरा दिन है। देश में आज कोविड संक्रमण के लगभग 44 हजार केस समाने आए हैं। बीते 40 दिनों में यह पहली बार है, जब यहां कोविड के 50 हजार से कम नए केस 24 घंटों में दर्ज किए गए हैं। पंजाब में कांग्रेस के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचीं प्रियंका गांधी ने अमरिंदर सिंह पर जमकर हमले किए। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-

यूक्रेन का लेकर संकट गहराता जा रहा है। अमेरिका के राष्‍ट्रपति जो बाइडेन और रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन की वार्ता के बाद भी तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूस 16 फरवरी को यूक्रेन पर हमला कर सकता है।

यूक्रेन पर 16 फरवरी को हमला करेगा रूस! गहराते संकट के बीच उड़ानें रद्द, कई को किया गया डायवर्ट

सबसे ज्यादा आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम मुंबई इंडियंस एक बार फिर करोडो़ं फैंस की फेवरेट होगी। आइए जानते हैं कि इस बार की आईपीएल नीलामी (IPL 2022 Auction) में उन्होंने किसको-किसको खरीदा। उन्होंने अपने सभी 25 खिलाड़ी पूरे किए

देखिए आईपीएल 2022 के लिए मुंबई इंडियंस की नई टीम

पंजाब विधानसभा को लेकर CM चन्नी का चुनावी वादा सामने आया है जिसके मुताबिक उन्होंने ऐलान किया है कि अगर सरकार बनी तो हर साल 8 गैस सिलेंडर फ्री और जरूरतमंद महिलाओं को हर माह 1100 रुपए भी देंगे। 

सीएम चन्नी का वादा अगर सरकार बनी तो हर साल 8 फ्री गैस सिलेंडर और महिलाओं को 1100 रूपये मंथली

पाकिस्‍तान में एक मेडिकल कॉलेज ने अपने स्‍टूडेंट्स के लिए 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके को लेकर फरमान जारी किया है। लड़कियों को जहां हिजाब पहनने को जरूरी बताया गया है, वहीं लड़कों को नमाज वाली सफेद टोपी पहनने को कहा गया है।

हिजाब, नमाजी टोपी के साथ पाकिस्‍तान में वैलेंटाइन मनाएंगे मेडिकल स्‍टूडेंट्स! कॉलेज ने जारी किया फरमान

कर्नाटक के हुबली से कांग्रेस नेता जमीर अहमद का विवादित बयान आया है। हिजाब को लेकर विवाद के बीच उन्‍होंने कहा कि खूबसूरती की हिफाजत के लिए यह जरूरी है। रेप जैसी घटनाएं खूबसूरती को नहीं छिपाने की वजह से होती है।

'हिजाब नहीं पहनने से होता है रेप, खूबसूरती की हिफाजत के लिए ये जरूरी', कांग्रेस नेता का विवाद‍ित बयान

LIC के IPO के लिए सरकार ने SEBI के पास मसौदा दस्‍तावेज दाखिल किया है। IPO के मार्च में बाजार में आने का अनुमान है। विनिवेश लक्ष्‍य में कमी के बीच इसे बेहद अहम समझा जा रहा है।

सरकार ने LIC के IPO के लिए SEBI के पास मसौदा दस्तावेज दाखिल किया

आईपीएल 2022 की नीलामी में 48 करोड़ रुपये के साथ उतरी एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है। आईपीएल-15 के लिए ऐसी है धोनी की सेना।

नीलामी के बाद ऐसी है धोनी की नई सेना, टीम में अबतक शामिल हुए ये धुरंधर खिलाड़ी

गुरुग्राम के एक नामी रेस्‍टोरेंट पर युवती ने व्‍हीलचेयर पर होने की वजह से उसे अंदर नहीं जाने देने का आरोप लगाया है। इस मामले के सामने आने पर अब रेस्‍टोरेंट प्रबंधन ने पीड़‍िता से माफी मांगी है और पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

'व्‍हीलचेयर अंदर नहीं जाएगी', गुरुग्राम के नामी रेस्‍टोरेंट पर दिव्‍यांग युवती ने लगाए गंभीर आरोप, प्रबंधन ने मांगी माफी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पंजाब के दौरे पर थीं, जब वह बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे कांग्रेस के पूर्व नेता व सीएम रहे कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि वह सरकार को कांग्रेस की चला रहे थे, लेकिन निर्देश दिल्‍ली में बीजेपी से ले रहे थे।

अमरिंदर सिंह पर जमकर बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- वह कांग्रेस की सरकार चला रहे थे, पर निर्देश बीजेपी से ले रहे थे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पंजाब में प्रचार के लिए पहुंचे हैं उन्होंने लुधियाना के ऐतिहासिक दरेसी मैदान में रैली को संबोधित करते हुए सीएम चरणजीत चन्नी को निशाने पर लिया, उन्होंने कहा कि चन्नी साहब पंजाब में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं। एक मुख्यमंत्री जो भारत के प्रधानमंत्री को सुरक्षित मार्ग नहीं दे सकता, क्या वह पंजाब को सुरक्षा दे सकता है?

अमित शाह पंजाब में दे रहे चुनावी अभियान को धार, चन्नी पर किए जोरदार हमले कहा-वो पंजाब को नहीं रख सकते सुरक्षित

अंडर-19 विश्व कप 2022 के खिताबी मुकाबले में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम को जीत दिलाने वाले राज बावा को पंजाब अपने खेमे में शामिल किया है। वो अपनी घरेलू टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। राज के दादा देश के लिए हॉकी का स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जबकि पिता युवराज सिंह के कोच रहे हैं।

युवराज की राह पर 'राज', अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के हीरो पर हुई करोड़ों की बारिश

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव होने में महज सालभर का समय रह जाने के बीच सत्तारूढ़ भाजपा के दो विधायकों के सदन से इस्तीफा देकर कांग्रेस के पाले में जाने से नया राजनीतिक समीकण उभर रहा है। ऐसा जान पड़ता है कि कभी राज्य में शासन कर चुकी सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है और ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का सपना देख रही भाजपा को वह चिढ़ाना चाहती है। इतना ही नहीं, उससे अलग होकर बनी तृणमूल कांग्रेस भी वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने का प्रयास करती दिख रही है।

Tripura: BJP के बागियों के कांग्रेस में शामिल होने से उभर रहा है नया सियासी समीकरण

कोविड-19 के घटते मामले और कम होते जोखिम को देखते हुए, उत्तर प्रदेश सरकार (UP Government) ने नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) में ढील दी है। इसके तहत अब राज्य में नाइट कर्फ्यू  का समय एक घंटा कम कर दिया गया है। नए नियम के तहत, अब नाइट कर्फ्यू का समय रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। इसके पहले नाइट कर्फ्यू (Night Curfew Timing) रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू था। रविवार को पर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। 

यूपी: नाइट कर्फ्यू में ढील, जानें नई टाइमिंग, कल से स्कूल भी खुलेंगे

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO)ने इस साल के अपने पहले सैटेलाइट की लॉन्चिंग के लिए उल्टी गिनती शुरू कर दी है। सैटेलाइट 14 फरवरी को सुबह 5:59 बजे लॉन्च होगा। पीएसएलवी यान (PSLV-C52) से इस उपग्रह को आंध्र प्रदेश के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्री हरिकोटा से प्रक्षेपित किया जाएगा। 1,710  किलोग्राम वजन वाला ईओएस-04 उपग्रह को पीएसएलवी-सी52 के जरिए  सूर्य की ध्रुवीय कक्षा में पृथ्वी से 529 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया जाएगा।

ISRO लांच करेगा पीएसएलवी सी-52, कल सुबह होगा प्रक्षेपण

अभी तक उत्तर प्रदेश के चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चित अगर कोई इलाका रहा है, तो वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश है। किसान आंदोलन और सपा-आरएलडी गठबंधन, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर की एंट्री से  वोटर किसे वोट देंगे, इसी पर नजर थी। भाजपा पर 2017 की तरह पहले चरण के प्रदर्शन का दबाव है। वहीं अखिलेश यादव को जयंत चौधरी का साथ मिलने से जाट-मुस्लिम एकता का भरोसा है। ऐसे में पहले चरण के 58 सीटों पर वोटिंग के मन में सबके मन में यही सवाल है कि इस बार वोटिंग कैसी हुई है। 

UP ELection:किधर गया जाट-मुस्लिम वोट, कौन मारेगा बाजी, जानें पार्टियों का नंबर गणित

हिजाब विवाद को लेकर बरेली के मौलाना तौकी रजा का विवादित बयान आया है। मौलाना तौकीर रजा ने पूरे विवाद को बीजेपी और संघ की साजिश करार दिया है। साथ ही विवादित बयान देते हुए तौकीर रजा ने कहा है कि वो लोग उनकी बहू-बेटियों को देख नहीं पाते इसलिए उन्हें हिजाब से आपत्ति है। तौकीर रजा ने आगे कहा कि भगवा लहराकर गुंडई करना सही बात नहीं है। 

तौकीर रजा बोले- हिजाब विवाद BJP-RSS की साजिश, बहू-बेटियों को निहार नहीं पाते इसलिए आपत्ति

उत्तर प्रदेश चुनाव का प्रचार अभियान अपने पूरे जोरों पर है। उम्मीदवार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं और इस दौरान कई नेताओं की जुबां फिसल जा रही है और उन्हीं में से एक हैं समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हाजी रईस। रईस को समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव में बदायूं सदर सीट से मैदान में उतारा है। अपने प्रचार अभियान के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए रईस की जुबान ऐसी फिसली की उन्होंने खुद की ही पार्टी को निशाने पर ले लिया।

UP Chunav: SP उम्मीदवार हाजी रईस की फिसली जुबान, बोले- 'समाजवादी पार्टी ने देश- प्रदेश को बर्बाद किया

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए शनिवार को मेगा ऑक्शन का आगाज हो गया है। दो दिन तक चलने वाली नीलामी का आज पहला दिन है। ऑक्शन पूल में कुल 600 खिलाड़ी (229 कैप्ड (अंतरराष्ट्रीय), 364 अनकैप्ड (घरेलू), सात आईसीसी एसोसिएट देशों से) शामिल हैं।बेस प्राइस के आठ स्लैब- दो करोड़ रुपये, डेढ़ करोड़ रुपये, एक करोड़ रुपये, 75 लाख रुपये, 50 लाख रुपये, 40 लाख रुपये, 30 लाख रुपये, 20 लाख रुपये हैं। एक फ्रेंचाइजी न्यूनतम 18 जबकि अधिकतम 25 खिलाड़ी अपने साथ जोड़ सकती है।

IPL Auction 2022 Sold, Unsold Players List: जानिए, नीलामी में कौन कितने में बिका? इन खिलाड़ियों को नहीं मिला खरीदार

भारत में अब कोविड-19 (Covid-19) की रफ्तार थमने लगी है। करीब 40 दिन बाद ऐसा हुआ है कि देश में कोविड-19 के मामले एक दिन में 50 हजार से कम आए है। पिछले 24 घंटे में 44,877 नए मामले सामने आए और 684  मरीजों की मौत हुई। इस देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 4,26,31,421 हो गई है। जबकि इस दौरान 5,08,665 लोगों की मौत हुई है।

Covid-19 Update: भारत में 40 दिन बाद 50 हजार से कम कोरोना के मामले, रफ्तार थमी, अब तक 172 करोड़ वैक्सीन डोज

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा उत्तराखंड की एक चुनावी रैली में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लेकर की गई अपनी टिप्पणी को लेकर चौतरफा घिर गए हैं। अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने असम के मुख्यमंत्री को तुरंत बर्खास्त किये जाने की मांग की है। राहुल गांधी पर हिमंता बिस्वा सरमा के दिए बयान को लेकर KCR ने सवाल किया है कि क्या ये बीजेपी के संस्कार हैं? केसीआर ने कहा कि ऐसा बयान सुनकर उनकी आंखों में पानी आ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीति में अब ये कहा जाएगा कि तुम अपने बाप का सबूत दो, क्या यही भाजपा के संस्कार हैं? 

Rahul Gandhi पर दिए बयान को लेकर घिरे असम के CM सरमा, KCR बोले- क्या यही हैं बीजेपी के संस्कार?

कर्नाटक के उडुपी के एक कॉलेज से शुरू हुए हिजाब विवाद में एक नया मामला सामने आया है। कॉलेज की कमेटी के सदस्य ने दावा किया है कि हिजाब को लेकर प्रदर्शन करने वाली लड़कियां निर्दोष हैं। हालांकि उन्हें कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (CFI) द्वारा ट्रेनिंग दी गई है। सदस्य के अनुसार सीएफआई के ट्रेनिंग के बाद ही लड़कियों ने शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू किया।

हिजाब विवाद: प्रदर्शन करने वाली लड़कियों को मिली ट्रेनिंग, CFI की है भूमिका, स्कूल कमेटी के सदस्य का दावा

हिजाब का मुद्दा कर्नाटक से उठा था और देखते ही देखते यहां पूरे देश में फैल गया। इस मुद्दे को लेकर तमाम विपक्ष बीजेपी पर हमला कर रहा है। कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के बीच मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। इस बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने हिजाब को लेकर एक ट्वीट कर कहा है कि एक दिन एक हिजाबी प्रधानमंत्री बनेगी।

इंशा'अल्लाह एक दिन एक हिजाबी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी: ओवैसी

राजस्थान के चुरू (Churu) में हैवानियत और दरिंदगी का दिल दहलाने वाला मामले सामने आया है। एक 25  वर्षीय लड़की  का आरोप है  कि चार युवकों ने नौकरी का झांसा देकर उसके साथ गैंगरेप (Gang Rape) किया है। और उसके बाद बेहोशी के हालत उसके हाथ-पैर बांधकर छत से फेंक दिया। छत से गिरती हुई लड़की के शरीर  में बंधी रस्सी एक पोल में फंस गई और वह उससे लटक गई। जिसकी वजह से उसकी फिलहाल जान बच गई।

राजस्थान: युवती के साथ हैवानियत, 4 युवकों ने किया गैंगरेप, हाथ-पैर बांध छत से फेंका

पहले दिन की नीलामी के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे ज्यादा 28.65 करोड़ रुपये शेष हैं। आज सबसे कम लखनऊ सुपरजाइंट्स के पास 6.90 करोड़ रुपये हैं। अब तक सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले दिन 13 खिलाड़ी खरीदे दिल्ली कैपिटल्स ने भी पहले दिन 13 खिलाड़ी खरीदे।

IPL नीलामी का आज दूसरा दिन, पंजाब किंग्स के पास सबसे ज्यादा 28 करोड़ बाकी, बाकी टीमों की है ये स्थिति

सोमवार को उत्तर प्रदेश के 9 जिलों की 55 सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण का चुनाव भाजपा और सपा प्लस गठबंधन के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। 2017 में भाजपा ने जहां पर 55 में से 38 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं सपा और कांग्रेस गठबंधन ने भी इसी इलाके में सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 17 सीटें हासिल की थी। जबकि बसपा और रालोद का खाता नहीं खुला था। इस बार सपा,रालोद और महान दल जहां साथ हैं, वहीं कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है। 

UP दूसरा चरण चुनाव: निर्याणक भूमिका में मुस्लिम वोटर, BJP के लिए अखिलेश ने ऐसे की है घेराबंदी

आईपीएल 2022 की नीलामी के पहले दिन शनिवार को दिग्गजों के साथ-साथ उन खिलाड़ियों का भी जलवा दिखा जिन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है, यानी अनकैप्ड खिलाड़ी (Uncapped Players)। कई अनकैप्ड खिलाड़ियों ने इस बार करोड़ों रुपये अपने नाम किए हैं, लेकिन एक खिलाड़ी इस मामले में सबसे आगे रहा, जिसने आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बना दिया है। 

गेंदबाज आवेश खान ने रचा इतिहास, आईपीएल नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने

देश में अब तक का सबसे बड़ा बैंक फ्रॉड (Biggest Bank Fraud) का मामला सामने आया है। देश की मानी-जानी कंपनी ABG शिपयार्ड ने 28 बैंकों को 22,842 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। बैंकों के साथ इतनी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद CBI ने एबीजी शिपयार्ड और उसके निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। एबीजी शिपयार्ड एक प्रमुख कंपनी है जो जहाज निर्माण और  जहाज-मरम्मत के कारोबार से जुड़ी है। एबीजी पर ICICI का सबसे अधिक राशि ₹7,089 करोड़ का बकाया है, इसके अलावा IDBI, SBI, PNB और बैंक ऑप बड़ौदा जैसे बैंकों के 1 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि बकाया है।

देश में अब तक का सबसे बड़ा बैंक फ्रॉड, 28 बैंकों को लगाया गया 22,842 करोड़ का चूना

मध्य प्रदेश के कटनी में बड़ा हादसा हुआ है। नर्मदा घाटी परियोजना के तहत बन रही सुरंग ( Narmada Valley Project tunnel)का एक हिस्सा धंस गया और  9 मजदूर दब गए।  यह हादसा स्लीमनाबाद इलाके के एनएच-30 के नीचे से निकल रही सुरंग में हुआ है।नेशनल हाईवे कमजोर होने की वजह से डायवर्जन के साथ मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।मौके पर प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। एजेंसियों द्वारा बचाव कार्य जारी है।

कटनी में निर्माणधीन सुरंग धंसी, 9 मजदूर दबे, अब तक 5 को बचाया गया

पश्चिम बंगाल में टीएमसी में चल रहे अंतरकलह को खत्म करने के लिए सीएम ममता बनर्जी ने नई 20 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। नई 20 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति में TMC के वरिष्ठ और कद्दावर नेता डेरेक ओ ब्रायन और सौगत राय को शामिल नहीं किया गाया है। इस कार्यसमिति में अभिषेक बनर्जी, यशवंत सिन्हा, अमित मित्रा, पार्थ चटर्जी, सुब्रत बख्शी, सुदीप बंदोपाध्याय, अनुब्रत मंडल, अरुप विश्वास और फिरहाद हकीम जैसे बड़े नेताओं को रखा गया है। माना जा रहा है कि ममता का ये फैसला पार्टी में अंदरूनी कलह को खत्म करने के लिए लिया गया है।

ममता की TMC में 'ऑल इज नॉट वेल' ! नेशनल वर्किंग कमेटी में भतीजे की एंट्री, दिग्गज नेता डेरेक तथा सौगत रॉय आउट

यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर मंडराते खतरे के बीच रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने एक बार फिर फोन पर लंबी बातचीत की। दोनों के बीच तकरीबन एक घंटे तक बातचीत हुई। बाद में अमेरिका की ओर से कहा गया कि उसे खुफिया सूत्रों से पता चला है कि रूस बहुत जल्‍द यूक्रेन पर हमला कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो इसका अंजाम व्‍यापक 'मानवीय त्रासदी' के रूप में सामने आएगा।

यूक्रेन पर मंडराता हमले का खतरा, व्‍लादिमीर पुतिन-जो बाइडेन के बीच फिर हुई लंबी बातचीत

आईपीएल नीलामी दो परिवारों के लिए खुशियों की सौगात लाई। दीपक चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में 14 करोड़ रुपये में शामिल किया। वो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा कीमत पर नीलाम होने वाले भारतीय गेंदबाज बने। वहीं उनके भाई लेग स्पिनर राहुल चाहर को पंजाब किंग्स ने 5.25 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल किया। इस तरह चाहर परिवार ने कुल 19.25 करोड़ रुपये अपने खाते में शामिल किए।  वहीं हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटन्स की टीम ने 15 करोड़ रुपये में रिटेन किया। वहीं बड़े भाई क्रुणाल को लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में 08.25 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया। इस तरह पांड्या ब्रदर्स ने कुल 23.25 करोड़ रुपये आईपीएल से हासिल किए। 

आईपीएल नीलामी में दो परिवार उड़ा ले गए 42.5 करोड़